ऊना/दुलैहड़। उपायुक्त राकेश कुमार प्रजापति ने हरोली के जननी, कुठारबीत तथा पोलियां बीत में स्टोन क्रशर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान तीन स्टोन क्रशर भी सील किए गए। उन्होंने क्षेत्र में चल रहे खनन कार्यों की भी जांच की।
इस दौरान उनके साथ पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा, खनन अधिकारी कुलभूषण शर्मा भी साथ थे। उपायुक्त ने हरोली क्षेत्र जननी, कुठारबीत तथा पोलियां बीत मेें खनन गतिविधियों में लगे स्टोन क्रशर की जांच की। तीन स्टोन क्रशर आरएस ग्रिट कुठारबीत, डॉ. लखविंद्र सिंह स्टोन क्रशर पोलियां बीत तथा आरएस स्टोन क्रशर गोंदपुर बुल्ला को सील कर दिया। उन्होंने कहा कि खनन वाले क्षेत्रों में जमीन की निशानदेही कर यह पता लगाया जाएगा कि खनन निजी या फिर सरकारी भूमि में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जिन भूमि मालिकों ने बिना लीज के जमीन खनन के लिए दी है उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज की जाएगी। उपायुक्त ने कहा कि जिला की सभी जेसीबी मशीनों तथा पॉकलैंड के ऊपर मालिक का नाम तथा मोबाइल फोन नंबर लिखना अनिवार्य किया जाएगा ताकि जेसीबी और पॉकलैंड की पूरी जानकारी सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध रहे। उन्होंने कहा कि माइनिंग वाले क्षेत्रों की निशानदेही के लिए संबंधित क्षेत्र के तहसीलदार, नायब तहसीलदार तथा पुलिस अधिकारियों को मौके पर ही निर्देश देते हुए इसे दो सप्ताह के भीतर पूरा करने को कहा है।