अमर उजाला ब्यूरो
ऊना।
क्षेत्र के निकटवर्ती गांव झलेड़ा में पेश आए सड़क हादसे में एक 13 वर्षीय बच्चे सहित दंपति घायल हो गया। उन्हें उपचार के लिए ऊना अस्पताल पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने गंभीर हालत में बच्चे को पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जानकारी के अनुसार रक्कड़ कॉलोनी निवासी मोहिंद्र सिंह (50) अपनी पत्नी इंदु बाला (40) और 13 वर्षीय बच्चे सतीश कुमार के साथ अपनी गाड़ी में सवार होकर दौलतपुर चौक में अपने रिश्तेदारों को मिलने के बाद शनिवार मध्यरात्रि वापिस घर की तरफ आ रहे थे। पुलिस लाइन झलेड़ा के समीप सड़क पर अचानक एक नील गाय आ गई।
नील गाय को बचाते-बचाते कार अनियंत्रित होकर सड़क के बीच डिवाइडर से टकरा गई। इस हादसे में कार आगे से बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं कार सवार दंपति समेत तीनों बुरी तरह से घायल हो गए। हादसे को देख अन्य वाहन चालकों ने किसी तरह घायलों को उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना पहुंचाया। यहां पर तैनात चिकित्सक ने बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए प्राथमिक उपचार देकर पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया।
एसपी संजीव गांधी ने बताया कि पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लिया और घायलों के बयानों पर जांच शुरू कर दी है।