ऊना। जिला मुख्यालय के निकटवर्ती गांव डंगोली स्थित ऊना-हमीरपुर हाईवे पर तीन वाहनों में जबरदस्त भिड़ंत हो गई। हादसे में एक कार चालक गंभीर रूप से जख्मी हो गया है। उसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया है।
हादसे में तीनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। घटना के दौरान हाईवे पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लगने से काफी देर तक जाम स्थिति बन गई। पुलिस ने सूचना मिलते की घटनास्थल पर पहुंच कर जाम को खुलवाया।
वीरवार सुबह डंगोली में स्कोर्पियो ऊना से बंगाणा की ओर जा रही थी। सामने से आ रही ऑल्टो आगे चल रही कार को ओवरटेक करते हुए स्कॉर्पियो से जा टकराई। इतना ही नहीं उसने ओवरटेक करते समय दूसरी ऑल्टो कार को भी चपेट में ले लिया। हादसे में ओवरटेक कर रही कार के चालक नादौन निवासी किशोरी चंद को चोटें लगी हैं। अन्य दो वाहनों में सवार लोग बाल-बाल बच गए। हालांकि तीनों वाहन बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गए। डीएसपी हेडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।