चिंतपूर्णी (ऊना)। क्षेत्र के चिंतपूर्णी तलवाड़ा बाईपास पर धलवाड़ी मोड़ पर सरिये से भरा ट्रक पलट गया। हादसे में एक व्यक्ति को गंभीर चोटें आई हैं। घायल व्यक्ति की पहचान 61 वर्षीय नत्था सिंह निवासी गांव कलोह जिला ऊना के रूप में हुई है।
हादसे के दौरान घटनास्थल पर लोगों की भीड़ एकत्रित हो गई। घायल को लोगों की मदद से स्थानीय अस्पताल पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद ऊना अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। बताया जा रहा है कि घायल व्यक्ति की बाजू और पसलियों में चोटें आई हैं। हादसे में घायल चालक नत्था सिंह ने बताया कि जब वह सरिए से लदा ट्रक लेकर दलवाड़ी मोड़ पर पहुंचा तो ट्रक मुड़ नहीं पाया। इस दौरान ट्रक का प्रेशर लीक हो गया और यह लगभग 25 फीट गहरी खाई में जा गिरा। थाना प्रभारी जगबीर सिंह का कहना है कि हादसे में घायल हुए ट्रक चालक नत्था सिंह को प्राथमिक उपचार के बाद रेफर किया गया है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।