अंब(ऊना)। क्षेत्र के निकटवर्ती गांव त्याई में किसी बात को लेकर दो गुटों में मारपीट हो गई। मारपीट में दोनों गुटों में जमकर लात-घूंसे और लाठियां चलीं। दोनों गुटों के करीब तीन लोगों को चोटें आई हैं। घायलों को उपचार एवं मेडिकल के लिए अंब अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। वहीं पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार त्याई निवासी रंजीत सिंह और सुरेंद्र कुमार ने पुलिस थाना अंब में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह मीट शॉप पर काम करता है।
अहाता करने वाला एक व्यक्ति आया और किसी बात पर विवाद करने लगा। स्थानीय उपप्रधान के घर के पास गए तो वहां तीन लोगों ने उन पर डंडों से हमला कर दिया, जिससे उन्हें चोटें आई हैं। मारपीट की वारदात में आरोपियों ने कार का शीशा भी तोड़ दिया। वहीं दूसरे पक्ष ने भी इस संबंध में पुलिस में शिकायत की है कि वह क्षेत्र में अहाते पर काम करता है। कुछ लोग रात के वक्त अहाते पर आए और अहाता बंद करने की बात पर विवाद कर उसका सामान फेंक दिया और उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे चोटें आई हैं। उधर, अंब के थाना प्रभारी मोहन रावत का कहना है कि पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस केस दर्ज कर आगामी कार्रवाई शुरू कर दी है।