समीक्षा बैठक में मानसून संबंधी तैयारियों को लेकर अधिकारियों को दिए निर्देश
बोले- सभी पेयजल स्रोतों की क्लोरिनेशन करे जलशक्ति विभाग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। दक्षिण-पश्चिम मानसून संबंधी तैयारियों को लेकर एसडीएम ऊना विश्वमोहन देव चौहान ने शुक्रवार को समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों को निर्देश दिए गए कि वे मानसून सीजन के दृष्टिगत सभी विभागों से उचित समन्वय स्थापित करें, ताकि किसी भी आपात स्थिति में होने वाले नुकसान को कम किया जा सके।
विश्वमोहन देव चौहान ने कहा कि स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग जलजनित रोगों के उपचार के लिए आवश्यक दवाइयों का स्टॉक सभी चिकित्सा संस्थानों में समुचित मात्रा में रखें। सर्पदंश के उपयोग में लाई जाने वाली दवाइयों का भी समुचित भंडारण रखें। मलेरिया और डेंगू जैसी बीमारियों से निपटने के लिए भी पूरी तैयारी रखें। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि लोगों को जलजनित होने वाले रोगों के बारे में जागरूक करने के लिए पंफ्लेट्स तैयार करें और आशा वर्करों के माध्यम से घर-घर जाकर इन पंफ्लेट्स को पहुंचाना सुनिश्चित करें। एसडीएम ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि जल स्रोतों और जल भंडारण टैंकों की साफ-सफाई तथा सभी पेयजल स्रोतों की क्लोरिनेशन करना सुनिश्चित करें। इसके अलावा पेयजल नमूनों की भी समय-समय पर जांच करें, ताकि जलजनित विषाणुओं का पता लगाया जा सके। उन्होंने राजस्व विभाग, लोक निर्माण विभाग, बिजली बोर्ड, अग्निशमन विभाग और शिक्षा विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि अपने अधीनस्थ क्षेत्र में बरसात की तैयारियों के लिए आवश्यक प्रक्रियाओं को शीघ्र पूर्ण करें, ताकि आवश्यकता के समय प्रभावित क्षेत्र में तुरंत राहत पहुंचाई जा सके। इस अवसर पर तहसीलदार शिखा राणा, नायब तहसीलदार किरण चौहान, अग्निशमन अधिकारी सुरेश कुमार, एनएचएआई से इंजीनियर विनोद कुमार सहित अन्य अधिकारीगण मौजूद रहे।
बाक्स
एमसी क्षेत्रों में आवश्यक उपकरणों को भी तैयार रखें
एसडीएम ने नगर परिषद ऊना, मैहतपुर-बसदेहड़ा और संतोषगढ़ को निर्देश दिए गए कि बारिश के जल की समूचित निकासी के लिए नालियों और नालों की साफ-सफाई के साथ-साथ आवश्यक उपकरणों को भी तैयार रखें। उन्होंने एमसी क्षेत्रों में बंद नालियों की निकासी का कार्य मानसून से पहले निपटाना सुनिश्चित करने को कहा, ताकि मानसून के दौरान किसी प्रकार की दिक्कत न हो।