पुलिस चौकी मैहतपुर के तहत गांव सासण में 27 वर्षीय युवक की जहरीला पदार्थ खाने से मौत हो गई है। मृतक की पहचान दविंद्र (27) निवासी सासण के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। पुलिस ने मामले के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक पुलिस को दिए बयानों में मृतक के परिजनों ने बताया कि दविंद्र निवासी सासण शनिवार देर रात अपने घर आया। घर आने पर उसने अपने परिजनों को तबीयत खराब होने के बारे में अवगत करवाया। तबीयत बिगड़ती देख परिजन उसे उपचार के लिए ऊना अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे गंभीर हालत में पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया। लेकिन, युवक ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया।
बताया जा रहा है कि युवक ने किसी जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था, जिससे उसकी मौत हो गई। उधर, एसपी अनुपम शर्मा ने बताया कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया है। मृतक के परिजनों के बयान भी कलमबद्ध किए जा रहे हैं। बिसरा रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। गौरतलब है कि जिले में जहरीला पदार्थ खाने के मामलों में इजाफा हो रहा है, जो चिंताजनक है। गत दिवस भी जलग्रां गांव की एक नवविवाहिता ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीले पदार्थ का सेवन कर लिया था। उसका उपचार जारी है।