जोल/ऊना। राजकीय महाविद्यालय चौकी मन्यार में आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नामांकन अभियान की औपचारिक शुरुआत कर दी गई है। इस अभियान के तहत महाविद्यालय प्रशासन ने विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा के प्रति जागरूक करने और उन्हें प्रवेश के लिए प्रेरित करने हेतु व्यापक जनसंपर्क कार्यक्रम चलाया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. बलविंद्र सिंह राणा के नेतृत्व में शिक्षकों एवं स्टाफ की टीम ने क्षेत्र के विभिन्न राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों का दौरा किया। इस दौरान टीम ने विद्यार्थियों को महाविद्यालय में उपलब्ध शैक्षणिक पाठ्यक्रमों, सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों और भविष्य की संभावनाओं के बारे में विस्तार से जानकारी दी।
डॉ. सगुन डोगरा, प्रो. नवीन शर्मा एवं सहायक पुस्तकालयाध्यक्ष नीलम ने टकारला, बेहड़ जसवां, चुरुडू तथा दियाड़ा स्थित विद्यालयों का भ्रमण कर विद्यार्थियों से संवाद स्थापित किया और उच्च शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला। वहीं, प्रो. आरके नेगी और अधीक्षक राकेश कुमार ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय चौकी मन्यार का दौरा कर छात्रों को महाविद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं और पाठ्यक्रमों की जानकारी दी।