अमृतसर फिरौती कांड में कनेक्शन निकला चलेट से
युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई पंजाब पुलिस
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। अमृतसर में हुए फिरौती कांड के तार अब हिमाचल के गगरेट क्षेत्र के चलेट गांव से जुड़ते नजर आ रहे हैं। मामले में कार्रवाई करते हुए पंजाब पुलिस चलेट के एक युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है।
जानकारी के अनुसार देर शाम पंजाब पुलिस की एक टीम दौलतपुर चौक पहुंची और स्थानीय पुलिस से संपर्क कर संबंधित युवक के बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद पुलिस युवक को अपने साथ पंजाब ले गई। बताया जा रहा है कि अमृतसर में एक व्यक्ति को फिरौती के लिए फोन कॉल किया गया था। जब फिरौती नहीं दी गई तो आरोपियों ने उसके घर पर गोलीबारी कर दी। इस गंभीर मामले में 13 अप्रैल को पंजाब में एफआईआर दर्ज की गई थी।
जांच के दौरान सामने आया कि इस वारदात में चलेट के युवक की आईडी का इस्तेमाल किया गया, जिसे विदेश से संचालित किया जा रहा था। हालांकि, यह अभी स्पष्ट नहीं है कि युवक की इस पूरे मामले में क्या भूमिका है या उसकी पहचान का दुरुपयोग किया गया है।
पुलिस अब इस बात की गहराई से जांच कर रही है कि युवक की आईडी किन लोगों द्वारा और किस तरीके से इस्तेमाल की गई। इसी सिलसिले में उसे पंजाब के खिलचियां ले जाकर पूछताछ की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है और लोग विभिन्न कयास लगा रहे हैं।
वहीं, डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि पंजाब पुलिस युवक को पूछताछ के लिए अपने साथ ले गई है और स्थानीय पुलिस लगातार उनके संपर्क में है।