संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेले पर इस बार कोरोना की कोई भी पाबंदी नहीं होगी। दो साल बाद मंदिर में नवरात्र मेले का पहले जैसा माहौल दिखेगा। देश-विदेश से श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ेगा।
माता रानी और श्रद्धालुओं के बीच में पाबंदियों की कोई बाधा न होने से पूरा मंदिर क्षेत्र माता की भक्ति के उत्सव की गहमागहमी से सराबोर रहेगा। हालांकि, दर्शन के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को मास्क पहनने और हाथ सैनिटाइज करने जैसे लोगों की आम दिनचर्या में शामिल हो चुके नियमों का पालन करना होगा।
चिंतपूर्णी में चैत्र नवरात्र मेले दो से दस अप्रैल तक चलेंगे। इससे पहले ही शक्तिपीठ में माता के दर्शनों को लेकर श्रद्धालुओं पर कोरोना की बंदिशों को हटा लिया गया है। इसका असर दिखने भी लगा है। पाबंदियों के हटने के बाद पिछले कुछ दिनों से माता रानी के दर्शनों को लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ रही है। नवरात्र मेले में श्रद्धालुओं की भीड़ के इस बार पूरे उफान पर रहने की संभावना हैं।
दूसरी ओर, जिला प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट प्रशासन मेले की तैयारियों को लेकर सक्रिय हो गया है। पुख्ता प्रबंधों को लेकर एडीसी ऊना की अध्यक्षता में बैठक भी हो चुकी है। मेले में श्रद्धालुओं की सुविधाओं के साथ कानून व शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुख्ता कार्ययोजना तैयार कर ली गई है।
मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने, श्रद्धालुओं की लाइन व्यवस्था बनाने के लिए मेला क्षेत्र में 400 के करीब सुरक्षा कर्मी तैनात रहेंगे। एसडीएम अंब मनेश यादव ने कहा कि दो अप्रैल से शुरू होने वाले नवरात्रों में इस बार कोविड की बंदिशें नहीं होंगी। श्रद्धालुओं को मां के दरबार पहुंचने के लिए कोई रोक टोक नहीं होगी। उम्मीद है इस बार श्रद्धालु बड़ी संख्या में माता के दरबार में हाजिरी भरेंगे।