शाम होते ही पार्कों में नशेड़ियों का लगता है जमावड़ा
पार्कों में कई बार मारपीट के मामले भी आ चुके हैं सामने
वरिष्ठ नागरिक फोरम ने कैमरे लगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। शहर के पार्कों में सुरक्षा के लिहाज से सीसीटीवी नहीं लग पाए हैं। इन पार्कों में शाम होते ही नशेड़ियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। इसके अलावा पार्कों में कई बार मारपीट की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इसके बावजूद प्रशासन सुरक्षा के लिहाज से इन पार्कों में सीसीटीवी नहीं लगा पा रहा है।
वरिष्ठ नागरिक फॉर्म ने पार्कों में सीसीटीवी लगाने की मांग उठाई है ताकि पार्कों में होने वाले हर गतिविधि पर प्रशासन व पुलिस की नजर रहे। नगर निगम बनने से पूर्व नगर परिषद की तरफ से शहर के मुख्य एमसी पार्क और उपायुक्त आवास के समीप बने पार्क में सीसीटीवी लगाने की योजना तैयार की गई थी लेकिन इस योजना पर अभी तक कोई काम नहीं हो पाया है।
ऐसे में इन पार्कों में सुरक्षा व्यवस्था राम भरोसे है। बीते दिनों शहर के प्रमुख एमसी पार्क में शराब की खाली बोतलें, इंजेक्शन और अन्य सामग्री पार्क में मिली थी। इस प्रकार के मामले पहले भी कई बार सामने आ चुके हैं। इन सब के बावजूद प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। उक्त पार्क में सुबह शाम सैर करने के लिए हर उम्र वर्ग के लोग पहुंचते हैं।
इस समस्या को लेकर वरिष्ठ नागरिक फोरम ऊना के अध्यक्ष जीआर वर्मा ने प्रशासन से पार्कों में सीसीटीवी लगाने और शाम के समय पुलिस की गश्त शुरू करने की मांग उठाई है। नगर परिषद की तरफ से पूर्व में तैयार की गई योजना के तहत शहर के प्रमुख स्थानों के अलावा सार्वजनिक पार्कों और वार्डों में भी तीसरी आंख की नजर बनाए रखने की योजना तैयार की गई थी, ताकि शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके। इन सभी सीसीटीवी को पुलिस कंट्रोल रूम से जोड़ा जाना है। ऊना जिला सुरक्षा के लिहाज से संवेदनशील है। पंजाब से सटा होने और नशे के काले कारोबार पर लगाम लगाने के लिए सीसीटीवी कैमरों की मदद से चौकसी को बढ़ाया जाना था। मगर नगर परिषद ऊना को अभी तक इसके लिए बजट ही नहीं मिल पाया है।
कोट्स
मामला मेरे ध्यान में आया है। पार्कों में सीसीटीवी कैमरे लगाने के लिए प्रयास किए जाएंगे। इसके अलावा पुलिस की गश्त को भी शाम के समय बढ़ाया जाएगा।
राकेश सिंह, पुलिस अधीक्षक ऊना