ऊना। पुलिस थाना हरोली के तहत पूबोवाल में एक महिला की मौत मामले में मायके पक्ष की शिकायत पर ससुरालियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार धर्मपाल गांव डंगोली जिला ऊना ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी बहन वीना देवी की शादी अक्तूबर 2010 में हरजीत सिंह निवासी गांव पूबोवाल, हरोली के साथ हुई थी। उसकी बहन की दो बेटियां हैं।
हरजीत सिंह व उसके परिवार के सदस्य बलवंत सिंह, परमजीत उसकी बहन को पुत्र को जन्म न देने की वजह से प्रताड़ित करते थे। बीते बुधवार को उन्हें पता चला कि उसकी बहन वीना देवी की मौत हो गई। इस पर जब पूबोवाल पहुंचे तो वीना देवी मृत अवस्था में पाई गई। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि उनकी बहन के ससुराल वाले वीना देवी को अस्पताल लेकर नहीं गए और न पुलिस को सूचित किया। पूछने पर हरजीत सिंह व उसके माता-पिता ने कहा कि वीना देवी ने फंदा लगा लिया जबकि उन्हें संदेह है कि हरजीत सिंह व उसके परिवार के उपरोक्त नामजद सदस्यों ने सोची समझी वारदात को अंजाम दिया। पुलिस अधीक्षक अमित यादव ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। जांच जारी है।