ऊना। युवाओं की प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित होने वाला युवा महोत्सव अब बजट की कमी से जूझ रहा है।
स्वामी विवेकानंद की जयंती पर 12 जनवरी को होने वाले राष्ट्रीय युवा महोत्सव तक पहुंचने के लिए जिला से राज्य स्तर तक प्रतियोगिताएं करवाई जाती हैं लेकिन पिछले तीन वर्षों से बजट में लगातार कटौती के चलते ये आयोजन महज ट्रायल तक सिमटकर रह गए हैं।
पहले जिला स्तरीय युवा महोत्सव के आयोजन के लिए करीब 90 हजार रुपये का बजट मिलता था, जो अब घटकर महज 15 हजार रुपये रह गया है। कम बजट के कारण अधिकारियों को प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रतिभागियों की सुविधाओं और अन्य गतिविधियों के संचालन में दिक्कतें पेश आ रही हैं।
ऐसे में युवाओं को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने के लिए मिलने वाला मंच भी सीमित होता जा रहा है। पहले जिला और राज्य स्तर पर बेहतर प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार, प्रमाण पत्र और स्मृति चिह्न देकर प्रोत्साहित किया जाता था।
इससे युवाओं में प्रतियोगिताओं के प्रति उत्साह बढ़ता था। अब आयोजन सीमित होने से प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के पर्याप्त अवसर नहीं मिल पा रहे हैं। यदि यही स्थिति बनी रही तो युवा महोत्सव की गतिविधियां केवल औपचारिकता बनकर रह सकती हैं।
उधर, जिला खेल अधिकारी प्रिंस पठानिया ने बताया कि इस बार जिला स्तरीय युवा महोत्सव के लिए 15 हजार रुपये का बजट स्वीकृत हुआ है। तीन वर्षों से बजट में कटौती हो रही है, जिससे कार्यक्रम आयोजित करने में समस्याएं पेश आ रही हैं। अब आयोजन के नाम पर केवल ट्रायल करवाने तक ही गतिविधियां सीमित रह गई हैं।