संवाद न्यूज एजेंसी
थानाकलां (ऊना)। बहुजन समाज पार्टी कुटलैहड़ के अध्यक्ष नानक चंद ने हिमाचल प्रदेश में बढ़ रहे अपराधों पर गंभीर चिंता जताई। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार में कानून-व्यवस्था लगातार कमजोर हो रही है, जिससे खासकर महिलाओं, बच्चों और दलित वर्ग में असुरक्षा बढ़ रही है। आरोप लगाया कि प्रदेश में दलितों पर अत्याचार के मामलों में बढ़ोतरी हो रही है, लेकिन सरकार और प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहे। उन्होंने बताया कि चम्याड़ी, बसातर सहित कई क्षेत्रों से श्मशान घाटों पर भेदभाव और मारपीट की शिकायतें मिल रही हैं, जिन्हें प्रशासन नजरअंदाज कर रहा है।
उन्होंने कहा कि बहुजन समाज पार्टी किसी भी प्रकार के भेदभाव और अत्याचार का कड़ा विरोध करती है और पीड़ितों के साथ खड़ी है। नानक चंद ने सरकार से दलितों व कमजोर वर्गों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने और अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार समय रहते कार्रवाई नहीं करती, तो पार्टी इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाने के लिए मजबूर होगी।