पंडोगा (ऊना)। हरोली विधानसभा क्षेत्र के अपर खड्ड गांव में बीएसएनएल की 4जी मोबाइल नेटवर्क सेवा लंबे समय से ठप पड़ी है। इससे क्षेत्र के उपभोक्ताओं को मोबाइल कॉल और इंटरनेट की सुविधा नहीं मिल पा रही है। नेटवर्क की समस्या से आम जनजीवन प्रभावित होने के साथ विद्यार्थियों, कारोबारियों और किसानों को भी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि निजी कंपनियों की सेवाएं छोड़कर उन्होंने बेहतर नेटवर्क की उम्मीद में बीएसएनएल के नए कनेक्शन लिए थे। कई उपभोक्ताओं ने अपने पुराने नंबर भी बीएसएनएल में पोर्ट करवाए लेकिन अब उन्हें नेटवर्क की समस्या का सामना करना पड़ रहा है। कुछ स्थानों पर घरों के भीतर सिग्नल नहीं मिलते, जबकि बाहर भी कॉल करने में परेशानी आती है। कई जगह पर तो घर और बाहर, दोनों स्थानों पर नेटवर्क उपलब्ध नहीं है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए मोबाइल सेवा का लाभ उठाना मुश्किल हो गया है।
नेटवर्क ठप होने से विद्यार्थियों की ऑनलाइन पढ़ाई और कक्षाएं प्रभावित हो रही हैं। वहीं, कारोबारियों और किसानों को ऑनलाइन भुगतान, बैंकिंग और अन्य डिजिटल सेवाओं के इस्तेमाल में दिक्कतें आ रही हैं। ग्रामीणों के अनुसार मौजूदा समय में कई जरूरी काम इंटरनेट पर निर्भर हैं, लेकिन नेटवर्क न होने से उनके काम अटक रहे हैं। लोगों का कहना है कि इस समस्या को लेकर कई बार शिकायत की जा चुकी है, बावजूद इसके अब तक स्थायी समाधान नहीं हो पाया है।
यह समस्या काफी समय से है। घरों के अंदर व बाहर भी बात नहीं हो पाती। संबंधित विभाग को इस समस्या के बारे में शिकायत भी दर्ज की है लेकिन आज तक समाधान नहीं हो पाया है।
-आशुतोष बाली, स्थानीय निवासी।
समस्या काफी दिनों से है। बीएसएनएल अपनी सेवाएं बेहतर व सुविधाजनक बनाने की जरूरत है। अगर एक टावर लग जाए तो इस समस्या का जड़ से खत्म हो सकती है
-मोहित दत्ता, निवासी खड्ड
बीएसएनएल ऊना के डीटीओ रविंद्र पाल ने कहा कि संबंधित क्षेत्र में नेटवर्क समस्या की शिकायत विभाग के ध्यान में आई है। विभाग इस समस्या के समाधान में जुटा हुआ है। उपभोक्ताओं को बेहतर सुविधा प्रदान करने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं।