ऊना। दौलतपुर चौक के तहत पड़ते जाडला खड्ड पर पुल निर्माण को लेकर मंजूरी मिल चुकी है। पुल बनने के बाद स्थानीय बड़ी आबादी को यहां आवागमन के लिए लाभ मिलेगा। दूसरी ओर वाहनों का आना-जाना भी सुगम होगा।
पुल निर्माण के लिए प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना तृतीय के तहत केंद्र की ओर से 3.59 करोड़ रुपये की राशि को मंजूरी प्रदान की गई है। बरसात का सीजन समाप्त होते ही लोक निर्माण विभाग इस पुल निर्माण को लेकर आगामी प्रक्रिया शुरू करेगा। फिलहाल पुल निर्माण के संबंध में टेंडर प्रक्रिया के लिए कवायद को तेज कर दिया गया है। दौलतपुर चौक लोक निर्माण विभाग के अधिकारी इसे आगे बढ़ाने के लिए जुटे हैं। बता दें कि खड्ड पर पुल निर्माण की मांग लंबे समय से रही है, अब जाकर यह मांग सिरे चढ़ पाई है। अधिकारियों की माने तो पुल निर्माण के लिए एक पिल्लर से दूसरे तक पांच स्पैन डाले जाएंगे। बरसात के बीच स्थानीय जाडला खड्ड का उफान लोगों के सफर में बाधा उत्पन्न करता है, लेकिन इस पुल के निर्माण के बाद लोगों को सफर सुरक्षित और सुहाना बनेगा। संवाद
-
जाडला खड्ड पर पुल निर्माण को लेकर राशि की मंजूरी मिल चुकी है। बरसात के बाद इस प्रक्रिया को तेज गति से आगे बढ़ाया जाएगा, ताकि समय अवधि के भीतर पुल का निर्माण हो सके।
-ई. हरगोबिंद कौशल, अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग, दौलतपुर चौक