मैहतपुर में पंजाब व अन्य राज्यों से आए लोगों की कोविड रिपोर्ट जांच के लिए रोके श्रद्घालु
- फोटो : Una
मैहतपुर (ऊना)। दिन : शनिवार, वक्त शाम केे शाम के 5 बज कर 57 मिनट हो रहे हैं। पंजाब से एक गाड़ी को पुलिस कर्मचारी रोकतेे हैं और कोरोना निगेटिव रिपोर्ट दिखाने के लिए टैंट में तैनात कर्मचारियों की ओर भेज देते हैं।
कर्मचारी कोरोना निगेटिव रिपोर्ट अथवा वैक्सीनेशन की डबल डोज का प्रमाण पत्र दिखाने को कहते हैं लेकिन उनके पास न तो कोरोना की निगेटिव रिपोर्ट है और न ही वैक्सीनेशन की उन्होंने डबल डोज लगवा रखी है। ऐसे में कर्मचारी उन्हें वापस भेजते हैं, लेकिन चालक गाड़ी को पंजाब की ओर ले जाने की बजाय दोबारा हिमाचल की ओर चुपके से घुमा लेता है। मुस्तैद पुलिस कर्मियों की नजर पड़ते ही उन्हें दोबारा रोका जाता है और डांट के बाद वापस भेज दिया जाता है।
5:58 बजे हरियाणा नंबर की एक और गाड़ी आकर रुकती है। बोलेरो से उतरे 8-10 लोगों को रिपोर्ट दिखाने का इशारा किया जाता है। इन लोगों के पास भी रिपोर्ट नहीं है। ऐसे में इन लोगों को कर्मचारी वापस भेज देते हैं। हैरानी की बात यह है कि वाहनों की भीड़ और मौके का फायदा उठाकर यह बोलेरो में सवार सभी लोग चुपके से पुलिसकर्मियों की आंखों में धूल झोंककर हिमाचल में दाखिल हो जाते हैं। पता चलने पर तैनात पुलिसकर्मी आगे वायरलेस मैसेज कर देते हैं, लेकिन अभी तक बोलेरो का पता नहीं चल पाया है।
बॉर्डर पर तैनात कर्मचारियों ने पूछने पर बताया कि शनिवार को वीकेंड के चलते हिमाचल के लोग भी भारी तादाद में आए हैं। इसके चलते काफी भीड़ लगी रही। पुलिस कर्मियों ने बताया कि अधिक सिंगल डोज वैक्सीनेशन वाले लोग पहुंच रहे हैं, जिन्हें वापस भेजा जा रहा है। शनिवार को हिमाचल के साथ पंजाब पुलिस के कर्मचारियों ने भी कुछ देर के लिए मोर्चा संभाला और हर आने-जाने वाले वाहन पर पैनी नजर रखी।
एसडीएम ऊना डॉ. निधि पटेल ने कहा कि 15 अगस्त और वीकेंड के चलते शनिवार को काफी ज्यादा भीड़ रही, लेकिन बॉर्डर पर तैनात कर्मचारियों ने मुस्तैदी दिखाते हुए सबकी जांच के बाद प्रवेश करने दिया।
हिमाचल के साथ बॉर्डर पर तैनात पंजाब पुलिस- फोटो : Una