डीएसपी के तबादले पर प्रदर्शन करती बीजेपी।
- फोटो : अमर उजाला
गगरेट मंडल भाजपा ने बुधवार को गगरेट के विधायक पर डीएसपी का तबादला करवाने एवं असामाजिक तत्वों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए एसडीएम अंब के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। इस दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने गगरेट विधायक एवं प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए विधायक के विरुद्ध उचित कार्रवाई किए जाने की मांग की। क्षेत्र के भाजपा नेता सुशील कालिया की अगुवाई में गगरेट मंडल भाजपा के पदाधिकारी एवं सदस्य एसडीएम कार्यालय पहुंचे, लेकिन एसडीएम की अनुपस्थिति में उन्होंने कार्यालय सुपरिंटेंडेंट को ज्ञापन सौंपा। इसमें आरोप लगाया गया है कि गगरेट क्षेत्र में चार साल से वन माफिया को संरक्षण के कारण वह पूरी तरह से बेखौफ होकर इमारती लकड़ी वाले तथा हरे और फलदार पेड़ों पर कुल्हाड़ी चला रहे हैं, जबकि राजनीतिक दबाव के चलते विभाग के कर्मचारी दबाव में हैं।
ज्ञापन में विशेष रूप से 29 अप्रैल को विधायक के राजनीतिक सलाहकार के परिजन के घर सीआईडी की रेड और उस दौरान विधायक की भूमिका को निशाने पर लेते हुए आरोप लगाया गया है कि 580 लीटर मिट्टी का तेल पकड़े जाने के बाद मामले की पूरी जांच और आरोपी तस्कर के बारे पड़ताल होनी थी। लेकिन इससे पहले ही इस मामले को उजागर करने वाले अधिकारी का दुर्गम क्षेत्र में तबादला कर उसकी कर्तव्य निष्ठा का ऐसा फल दिया गया। प्रति परिवार दो लीटर मिट्टी का तेल डिपुओं में मिलता है और 580 लीटर तेल का मतलब है कि 300 परिवारों का कोटा छीनना। भाजपा ने आरोप लगाया कि पिछले चार साल में गगरेट में हत्या, लूटपाट और बलात्कार में बेतहाशा वृद्धि हुई है। क्षेत्र में कानून नाम की चीज नहीं है। गगरेट मंडल भाजपा ने राज्यपाल से मांग की है कि सरकार को उचित निर्देश दें। जिससे मुख्यमंत्री गगरेट के विधायक पर उचित कार्रवाई करें। भाजपा ने कहा कि अगर सरकार विधायक के विरुद्ध कार्रवाई नहीं करती है तो भाजपा इसके खिलाफ क्षेत्र में जन आंदोलन चलाएगी।
इस अवसर पर गगरेट मंडल भाजपा अध्यक्ष राममूर्ति शर्मा, प्रदेश कार्यसमिति सदस्य श्याम वर्मा, विजय चौधरी, गुलाम मोहम्मद, मीडिया प्रभारी अतुल शर्मा, पूर्व बीडीसी अध्यक्ष मंजू जरियाल, मंडल उपाध्यक्ष प्रोमिला ठाकुर, महिला मोर्चा मंडल अध्यक्ष कुसुम लता, बृज बाला सूद, लक्ष्मी जरियाल, शादीलाल गोस्वामी, एडवोकेट नरेंद्र परमार, अजय ठाकुर युवा मोर्चा मंडल अध्यक्ष, मंडल उपाध्यक्ष नरेश जसवाल, सतपाल, नरेश शर्मा आदि उपस्थित थे।