गगरेट से भाजपा प्रत्याशी रहे एवं प्रदेश भाजपा कार्यकारिणी सदस्य सुशील कालिया ने कहा कि कांग्रेस सरकार के राज में ईमानदार अधिकारी डीएसपी सागर चंद्र का तबादला साबित करता है कि कांग्रेस नैतिकता खो चुकी है। भाजपा कर्मठ एवं ईमानदार कर्मचारियों का उत्पीड़न बर्दाश्त नहीं करेगी।
सुशील कालिया ने दौलतपुर चौक में प्रेस वार्ता में कहा कि जिस डीएसपी ने राशन कार्ड पर मिलने वाले मिट्टी के तेल की 580 लीटर की अवैध खेप कांग्रेसी नेता के घर से पकड़कर गरीबों का हक दिलाया। अंब में नशीली दवाओं का जखीरा पकड़ा। ऐसे ऑफिसर को सम्मानित करने की जगह उसका तबादला करना विधायक एवं मुख्यमंत्री की कार्यप्रणाली को संदेह के घेरे में खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि डीएसपी सागर चंद ने अंब में अपनी तैनाती के दौरान नंगल जरियालां गांव के दलित एवं दिव्यांग दिलवाग सिंह को मकान बनाने के लिए सरकार से सहायता प्राप्त करवाई थी। तब भी सागर चंद का तबादला विद्यायक की ओर से करवाया गया था, जो कि प्रदेश सरकार की गलत कार्यप्रणाली का पर्दाफाश करता है।
इस मौके पर मंडल भाजपा उपाध्यक्ष प्रोमिला ठाकुर, रायपुर ग्राम पंचायत प्रधान शक्ति राणा, उपप्रधान तरसेम सिम्मी, नंगल जरियाला के पूर्व उपप्रधान राजेंद्र सिंह, भाजयुमो मंडलाध्यक्ष अजय ठाकुर, मंडल उपाध्यक्ष नरेश शर्मा, केवल राणा, मलकियत सिंह, त्रिलोक, राज कुमार उपस्थित रहे।