उपमंडल अंब के कलरूही में वीरवार देर रात पेश आए दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार (24) युवक की मौत हो गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। जानकारी के मुताबिक वीरवार देर रात अंब-मुबारिकपुर मार्ग पर कैंटर और बाइक में टक्कर हो गई।
हादसे में बाइक चालक विक्रम सिंह निवासी भंजाल बुरी तरह घायल हो गया। घायल बाइक सवार को उपचार के लिए सिविल अस्पताल अंब पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे प्राथमिक उपचार देने के बाद ऊना अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। लेकिन विक्रम सिंह ने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। उधर, अंब के डीएसपी जितेंद्र चौधरी का कहना है कि पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है। डीएसपी ने कहा कि पुलिस ने केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।