भलखूं ब्राह्मण बस्ती में आग को काबू करते वन विभाग की टीम और स्थानीय लोग। -स्रोत ः विभाग
बंगाणा (ऊना)। रामगढ़ धार रेंज के जंगलों में भड़की आग को बुझाने में वन विभाग की टीमें सोमवार को भी लगातार मेहनत करती रही। इस दौरान जंगल की आग के साथ-साथ वन विभाग को आसपास के घरों को भी सुरक्षित रखने की चुनौती का सामना करना पड़ा।
वन विभाग टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से भलखूं ब्राह्मण बस्ती और धीमान बस्ती को आग की चपेट में आने से बचा लिया। जिला ऊना के कुटलैहड़ और बंगाणा रेंज के तहत पड़ते सरकारी जंगलों में माफियाओं पर शिकंजा कसने के प्रयासों में वन विभाग की टीमें नाकाम हो रही हैं। इन जंगलों में अवैध कटान, शिकार और वन संपदा के नुकसान की घटनाएं बढ़ती जा रही हैं।
गर्मियों के आते ही शरारती तत्वों द्वारा जंगलों में आग लगाना और अवैध कटान को अंजाम देना आम हो गया है। वन विभाग की टीमें एक ओर जहां आग बुझाने में जुटी हैं, वहीं दूसरी ओर अवैध कटान माफिया जंगलों में गतिविधियों को बढ़ा देते हैं। वन विभाग अकेले इन माफियाओं से न तो निपट सकता है और न ही आग पर पूरी तरह काबू पा सकता है। इसके लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता है, ताकि जंगलों को सुरक्षित रखा जा सके।