फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Una News: मेढ़ों के बीच गन्ने की बुवाई से बेहतर उत्पादन की उम्मीद

Mon, 23 Mar 2026 12:43 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, ऊना
विज्ञापन
विज्ञापन
चकसराय (ऊना)। पारंपरिक खेती के बीच जब कोई किसान नई सोच के साथ आगे बढ़ता है तो वह न सिर्फ अपनी किस्मत बदलता है बल्कि दूसरों के लिए भी मिसाल बन जाता है। कुछ ऐसा ही कर दिखाया है गांव बड़ूहा के किसान सतीश कुमार ने, जिन्होंने गन्ने की बुवाई में आधुनिक तकनीक अपनाकर बेहतर उत्पादन की उम्मीद जगाई है।
विज्ञापन

उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सोहरी के गांव बड़ूहा में किसान सतीश कुमार ने पारंपरिक तरीकों से हटकर गन्ने की बुवाई मेढ़ों (रिजेज) के बीच दूरी बनाकर शुरू की है, जिससे क्षेत्र के अन्य किसानों के लिए भी नई राह खुलती नजर आ रही है। सतीश कुमार के अनुसार इस विधि में पौधों के बीच पर्याप्त दूरी बनाए रखी जाती है, जिससे उन्हें भरपूर धूप, हवा और पोषण मिल पाता है।
इसका सीधा असर फसल की गुणवत्ता और उत्पादन पर पड़ता है। उन्होंने बताया कि सही दूरी के कारण गन्ने के पौधे मजबूत होते हैं और उनकी वृद्धि बेहतर होती है। गन्ने की खेती में अन्य फसलों की तुलना में अपेक्षाकृत कम मेहनत लगती है। यदि समय पर सिंचाई और देखभाल की जाए तो यह फसल अच्छी पैदावार देती है। गर्मियों में एक-दो बार अच्छी वर्षा होने पर उत्पादन और भी बढ़ सकता है।
विज्ञापन

बाजार की मांग को देखते हुए भी गन्ने की खेती को लाभकारी माना जा रहा है। वर्तमान समय में गुड़ और देसी शक्कर जैसे प्राकृतिक उत्पादों की मांग लगातार बढ़ रही है। स्वास्थ्य के प्रति जागरूक लोग रिफाइंड चीनी के बजाय इन उत्पादों को अधिक पसंद कर रहे हैं, जिससे किसानों को बेहतर मूल्य मिलने की संभावना है।
स्थानीय लोगों का मानना है कि यदि इस तरह की आधुनिक तकनीकों को बढ़ावा दिया जाए तो किसानों की आय में वृद्धि के साथ-साथ क्षेत्र में कृषि के नए अवसर भी विकसित हो सकते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें