सांसद खेल महाकुंभ के दौरान इंदिरा के इंडोर मैदान में कबड्डी मैच के दौरान भिडते खिलाड़ी।संवाद
वॉलीबाल में भटोली विजेता और बनगढ़ बना उपविजेता
विजेता को ट्राॅफी और 11-11 हजार रुपये के पुरस्कार से किया सम्मानित
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। इंदिरा गांधी खेल मैदान में बुधवार को खेल महाकुंभ ऊना के तहत लड़कों के कबड्डी और वॉलीबाल के मुकाबले खेले गए। विधानसभा ऊना के तहत कबड्डी में 16 और वॉलीबाल में आठ टीमों ने भाग लिया। कबड्डी में बसोली और वॉलीबाल में भटोली ने मुकाबला जीता। विधायक सतपाल सत्ती ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत कर विजेताओं को पुरस्कृत किया। विजेताओं को ट्रॉफी और 11-11 हजार रुपये की नकद राशि से सम्मानित किया गया।
कबड्डी का फाइनल मुकाबला बहडाला और बसोली के बीच खेला गया। इसमें बहडाला की टीम ने 25 अंक बनाए। इसके जवाब में बसोली ने 32 अंक बनाए। सात अंक के अंतराल से बसोली कबड्डी का विजेता बना। मुख्यातिथि ने 11 हजार रुपये और ट्रॉफी से टीम को सम्मानित किया। बहडाला टीम स्पर्धा की उपविजेता बनी। बहडाला टीम को 5100 रुपये और ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। वहीं, जलग्रां ने तीसरा स्थान पाया। इसे 3100 रुपये की नकद राशि दी गई।
उधर, वॉलीबाल का फाइनल मुकाबला भटोली और बनगढ़ के बीच खेला गया। बनगढ़ ने प्रतियोगिता के दो सेट जीते। जबकि, भटोली टीम तीन सेट से विजेता रही। ज्यादा सेट जीतने पर भटोली बालीवाॅल स्पर्धा का विजेता बना। बनगढ़ उपविजेता और जखेड़ा तीसरे स्थान पर रहा। विजेता को 11 हजार, उपविजेता को 5100 और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 3100 रुपये पुरस्कार से सम्मानित किया गया। मुख्यातिथि विधायक सतपाल सत्ती ने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाया। खेलों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के साथ नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। इस मौके पर ऊना मंडल के अध्यक्ष देवेंद्र, बसदेहड़ा मंडल अध्यक्ष राहुल शर्मा, जिला परिषद् आशोक धीमान, विनय सहोड़, रूपेंद्र मौजूद रहे।