गगरेट में स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर अभियान के तहत जागरूकता शिविर आयोजित
नागरिकों को प्रधानमंत्री आवास योजना की भी जानकारी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
गगरेट (ऊना)। नगर पंचायत गगरेट में स्वच्छ शहर, समृद्ध शहर अभियान के तहत स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जागरूकता शिविर लगाया गया। अभियान में नगर पंचायत गगरेट के अध्यक्ष अनिल कुमार, सचिव सुषमा रानी, सामुदायिक प्रबंधक एवं स्वयं सहायता समूह के सदस्य उपस्थित रहे।
स्वयं सहायता समूह के सदस्यों ने वार्ड-3 और 4 में घर-घर जाकर गीले, सूखे और हानिकारक कचरे के उचित प्रबंधन को लेकर नागरिकों को जागरूक किया। नागरिकों को बताया गया कि गीला और सूखा कचरा अलग-अलग रखना आवश्यक है, जिससे कचरा प्रबंधन को प्रभावी बनाया जा सके। शिविर में हानिकारक कचरे के सुरक्षित निस्तांरण की भी जानकारी दी गई। नगर पंचायत की सचिव सुषमा रानी ने नागरिकों से अपील की कि सिंगल-यूज प्लास्टिक और हानिकारक कचरे के अनावश्यक उपयोग से बचें और नगर को स्वच्छ और हरा-भरा बनाने में योगदान दें।
इस अवसर पर प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0 के तहत शहरी प्लानर अंजू सोनी ने नागरिकों को इस योजना की पात्रता, शर्तों और आवश्यक दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि इस योजना के तहत जरूरतमंद परिवारों को आवास निर्माण के लिए आर्थिक सहायता दी जाती है। नागरिकों को योजना का लाभ उठाने के लिए समय पर आवेदन करने की सलाह दी गई। नगर पंचायत गगरेट ने सफाई कर्मचारियों और नागरिकों से अपील की कि वे अपने घरों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखें, गीला-सूखा कचरा अलग करें और सिंगल-यूज प्लास्टिक का उपयोग पूरी तरह बंद करें। यह अभियान नागरिकों में स्वच्छता और सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।