महिला एवं बाल विकास विभाग अभिभावकों को करेगा जागरूक
आंगनबाड़ी केंद्रों में आयोजित होंगे विशेष शिविर
आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता करेंगे जागरूक
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जन्म के बाद बच्चों को विभिन्न रोगों से बचाव के लिए होने वाले टीकाकरण को लेकर अभिभावकों को जागरूक करने के लिए महिला एवं बाल विकास विभाग विशेष अभियान चलाएगा। इस अभियान का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को टीकाकरण के महत्व के बारे में जागरूक करना है। अभियान में प्रवासी बच्चों और उनके अभिभावकों को भी शामिल किया जाएगा।
जिले भर के 1364 आंगनबाड़ी केंद्रों में महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से शिशु स्वास्थ्य एवं पोषण को लेकर विशेष जागरूकता शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभिभावकों को बच्चों के समय पर टीकाकरण और नियमित स्वास्थ्य जांच के महत्व की जानकारी दी जाएगी। कई बार जागरूकता की कमी के कारण समय पर टीकाकरण नहीं हो पाता, जिससे बच्चे वैक्सीनेशन से वंचित रह जाते हैं। इसका सीधा असर बच्चों के सर्वांगीण विकास पर पड़ता है और विभिन्न रोगों का खतरा बढ़ जाता है।
ऐसे में विभाग की ओर से आशा वर्कर और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के सहयोग से नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों में यह अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही कुपोषित और अति कुपोषित बच्चों की देखभाल, उन्हें दिए जाने वाले पोषणयुक्त आहार और सही डाइट प्लान के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाएगी, ताकि वे कुपोषण की श्रेणी से बाहर आ सकें। मौसम के अनुसार फैलने वाली बीमारियों, उनसे बचाव के उपायों तथा बच्चों के लिए उपयुक्त आहार और राशन संबंधी जानकारी भी अभिभावकों के साथ साझा की जाएगी।
जिला कार्यक्रम अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, ऊना नरेंद्र कुमार का कहना है कि जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों के टीकाकरण को लेकर विशेष जागरूकता अभियान चलाया जाएगा। अभिभावकों को बच्चों के पोषण और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक किया जाएगा।