राजकीय प्राथिमक विद्यालय टकारला में स्थापित किया गया ऑटोमैटिक मौसम केंद्र । संवाद
ऊना। जिले में मौसम की सटीक जानकारी जुटाने और किसानों को समय पर मौसम संबंधी जानकारी उपलब्ध करवाने के लिए अब सरकारी स्कूलों में ऑटोेमेटिक रेन गेज और ऑटोेमेटिक वेदर स्टेशन स्थापित किए जाएंगे।
भारत सरकार की वेदर इंफॉर्मेशन नेटवर्क एंड डाटा सिस्टम (विंड्स) परियोजना के तहत ऊना जिले में चिह्नित 231 स्थानों पर इन उपकरणों की स्थापना की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इस संबंध में उपनिदेशक उच्च शिक्षा, ऊना ने जिले के सभी सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक और उच्च विद्यालयों के प्रधानाचार्यों को आवश्यक निर्देश जारी किए हैं।
जिला शिक्षा विभाग की ओर से जारी आदेश के अनुसार जिन स्कूलों का चयन ऑटोेमेटिक रेन गेज अथवा ऑटोेमेटिक वेदर स्टेशन लगाने के लिए किया गया है, वहां के प्रधानाचार्य संबंधित एजेंसी को पूरा सहयोग देंगे।
साथ ही बिना किसी देरी के अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और अन्य आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने को कहा गया है ताकि परियोजना का कार्य समयबद्ध तरीके से पूरा हो सके। शिक्षा विभाग ने इस मामले को मोस्ट अर्जेंट श्रेणी में रखते हुए किसी भी प्रकार की बाधा आने पर उसका प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने के निर्देश दिए हैं।
उपनिदेशक जिला प्रारंभिक शिक्षा सोमलाल धीमान ने बताया कि सभी स्कूलों को मौसम संबंधी उपकरण स्थापित करने में सहयोग करने के निर्देश दिए गए हैं। मौसम संबंधी जानकारी के लिए यह महत्वपूर्ण परियोजना है। इससे आपदा जैसी स्थिति के लिए पहले से आवश्यक तैयारियों में मदद मिलेगी।