ऊना में सीएम का स्वागत करते लोग।
- फोटो : अमर उजाला
मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने ऊना जिले के कुटलैहड़ विधानसभा क्षेत्र के लोअर बसाल में एक जनसभा को संबोधित करते हुए बसाल तथा कोटला खुर्द में सामुदायिक केंद्र के निर्माण, बड़ोली के लिए सिंचाई योजना का सर्वेक्षण, स्वास्थ्य उप केंद्र बसाल को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने, घंडावल-राजपूताना से बडोली के लिए संपर्क मार्ग का निर्माण और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कुरियाला में इसी शैक्षणिक सत्र से वाणिज्य कक्षाएं शुरू करने की घोषणा की।
उन्होंने अनुसूचित जाति बस्ती गलुआ से स्वां नदी वार्ड 6 के लिए संपर्क मार्ग, रेंसरी में आयुर्वेदिक औषधालय खोलने, बडोली में पशु औषधालय भवन तथा राजकीय उच्च पाठशाला पनोह को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने इस अवसर पर कहा कि पंचायती राज संस्थाओं को सुदृढ़ करने में और देश में पंचायती राज प्रणाली को पुन: आकार देने में पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय राजीव गांधी का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने कहा कि हाल ही में हुए पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में भारी संख्या में महिलाएं जीत कर आई हैं और आशा व्यक्त की कि महिला प्रधान अपने क्षेत्रों में निष्ठापूवर्क विकास कार्य करेंगी। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के मानदेय बढ़ाने का मामला सरकार के विचाराधीन है। इससे पहले मुख्यमंत्री ने जिले के बनगढ़ प्रशासनिक खंड में उप कारागार का उद्घाटन किया। इसके निर्माण पर 5.20 करोड़ रुपये व्यय किए गए हैं। उन्होंने ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल के चिकित्सकों व कर्मचारियों के 1.22 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आवासों का भी लोकार्पण किया। इस मौके पर स्थानीय प्रधान देस राज ने मुख्यमंत्री का स्वागत किया।
जसाणा और कोट स्कूल अपग्रेड
बंगाणा (ऊना)। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने गत शाम ऊना जिले के विधानसभा क्षेत्र कुटलैहड़ के हटली में एक जनसभा को संबोधित करते हुए राजकीय माध्यमिक पाठशाला जसाणा तथा कोट को राजकीय उच्च विद्यालय में स्तरोन्नत करने की घोषणा की। उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हटली में विज्ञान खंड का निर्माण, सुकरयाल में पशु औषधालय खोलने तथा हटली के लिए नई पेयजल आपूर्ति योजना का सर्वेक्षण करने की घोषणा भी की।