भरवाईं (ऊना)। विश्वविख्यात श्री चिंतपूर्णी मंदिर में शनिवार शाम करीब साढ़े सात बजे दर्शन के दौरान एक महिला श्रद्धालु से चेन स्नेचिंग का प्रयास किया गया। हालांकि महिला की सतर्कता और मंदिर में तैनात सुरक्षा कर्मियों की चौकसी के चलते बड़ी वारदात टल गई तथा संदिग्ध महिला को मौके पर ही पकड़ लिया गया।
जानकारी के अनुसार पंजाब के फरीदकोट से एक महिला अपने परिवार के साथ माता श्री चिंतपूर्णी के दर्शन करने आई थी। दर्शन के दौरान किसी महिला ने श्रद्धालु के गले में पहनी सोने की चेन काटने का प्रयास किया। जैसे ही महिला को इसका आभास हुआ, उसने तुरंत शोर मचा दिया। इस दौरान चेन पूरी तरह नहीं कट पाई और महिला के हाथ में ही आ गई।
श्रद्धालु के शोर सुनते ही मंदिर परिसर में तैनात सुरक्षा कर्मी तुरंत सक्रिय हो गए और संदिग्ध महिला को मौके पर पकड़ लिया। इसके बाद मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली गई, जिसमें संदिग्ध महिला की गतिविधियां संदिग्ध दिखाई दीं।
घटना की सूचना मिलते ही मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर भी मौके पर पहुंचे और पीड़ित महिला व उसके परिजनों से पूरी जानकारी ली। महिला श्रद्धालु ने चेन सुरक्षित वापस मिलने पर मंदिर प्रशासन और सुरक्षा कर्मियों का आभार व्यक्त किया तथा इस मामले में किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार कर दिया।
गौरतलब है कि श्री चिंतपूर्णी मंदिर में सावन अष्टमी मेले की शुरुआत में अब कुछ ही दिन शेष हैं। ऐसे में श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ को देखते हुए जेबकतरे और चेन स्नेचर सक्रिय होने की आशंका बनी हुई है।
मंदिर अधिकारी संजीव प्रभाकर ने सभी श्रद्धालुओं से अपील करते हुए कहा कि भीड़भाड़ के दौरान अपने पर्स, मोबाइल, नकदी और सोने-चांदी के गहनों का विशेष ध्यान रखें तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत सुरक्षा कर्मियों या मंदिर प्रशासन को दें। मंदिर प्रशासन ने आश्वस्त किया है कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए अतिरिक्त सतर्कता और निगरानी की व्यवस्था की जाएगी।