क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में 24 घंटे सेवाएं देने के लिए स्थापित किया गया एटीएम नोटबंदी के बाद बंद पड़ा है। लंबे समय से इस एटीएम में कैश ही नहीं डाला गया है। इसके चलते अस्पताल में आने वाले रोगियों और तीमारदारों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
अस्पताल में आपात स्थिति में आने वाले मरीजों को कैश न होने से उपचार करवाने में भी दिक्कतें पेश आ रही हैं। वहीं, रविवार होने के चलते बैंक और एटीएम बंद होने से लोगों को भारी परेशानी हुई। रविवार को एटीएम भी कैश लेस हो गए। इससे सारी व्यवस्था ही हांफ गई। कुछेक एटीएम में ही कैश उपलब्ध हो सका। जबकि, बैंक शनिवार और रविवार को बंद रहे। नोटबंदी के बाद से नई करेंसी को हासिल करने के लिए लोगों को कसरत करने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
सुबह बैंक खुलने से पहले और बंद होने तक लोग बैंकों के चक्कर काटते नजर आ रहे हैं। जबकि, एटीएम के बाहर देर रात तक लोगों की कतारें लगी रहती हैं। जिले में अभी तक 500 का नोट न आने से समस्या बनी हुई है। बैंक में 2 हजार का नोट लेने के बाद उसके खुले करवाने के लिए लोगों को खासी माथापच्ची करनी पड़ रही है। बसों, सरकारी कार्यालयों और पेट्रोल पंप में भी दो हजार का नोट नहीं चल पा रहा है। यहां पर तैनात कर्मी खुले पैसे न होने का हवाला देकर बड़े नोट को लेने से परहेज कर रहे हैं। बहरहाल, नोटबंदी के बाद अभी तक लोगों को पूरी तरह राहत नहीं मिल पाई है।