गगरेट (ऊना)। आरटीओ ऊना चेतना खड़वाल और एआरटीओ राजेश कौशल ने अलग-अलग रूटों पर चलने वाली सरकारी और निजी बसों का औचक निरीक्षण किया। इस अवसर पर परिवहन विभाग की टीम ने बसों में यात्रा के दौरान लागू कोविड नियमों की पालना करने के लिए यात्रियों को प्रोत्साहित किया।
पंजाब और दूसरे राज्यों से आने वाली बसों और लोकल बसों में पचास फीसदी ही सवारियां ले जाने का नियम लागू है। कोरोना के चलते इस समय बसों में सवारियां कम होने के चलते बसों में पचास फीसदी से भी कम लोग यात्रा कर रहे हैं। परिवहन विभाग की टीम ने यात्रियों को मास्क पहनने को प्रेरित किया और बसों में यात्रा करने वाले यात्रियों को कोरोना नियमों के बारे में अवगत करवाकर कोरोना से जंग में सहयोग करने की अपील की।
इस अवसर पर क्षेत्रीय परिवहन विभाग की टीम ने बड़सेहडा बस अड्डा, अंब बस अड्डा, मुबारिकपुर और गगरेट बस अड्डा सहित आरटीओ बैरियर गगरेट पर भी बसों की जांच की। एआरटीओ राजेश कौशल ने बताया कि कोरोना संक्रमण को देखते हुए सभी को सरकार की ओर से जारी कोरोना गाइडलाइन का पालन करने के लिए लोगों को जागरूक किया। साथ ही विभिन्न स्थानों पर जाकर परिवहन निगम और निजी बसों में लोगों को सचेत किया। मास्क पहनने, सैनिटाइजर करने और दो गज की दूरी अपनाने का आह्वान किया।