सझोई में अग्निकांड में जली पशुशाला को दिखाता पीड़ित
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र की ग्राम पंचायत भद्रकाली के गांव अभयपुर संझोई गांव में पशुशाला को आग लगने से दो मवेशी जिंदा जल गए। जबकि, अग्निकांड में करीब डेढ़ लाख का नुकसान हुआ है। मामले की सूचना अग्निशमन केंद्र को दी गई। अग्निशमन कर्मियों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
जानकारी के मुताबिक लक्ष्मण दास निवासी फतेहपुर संझाई की पशुशाला में देर रात अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया। पशुशाला मालिक और स्थानीय लोगों ने जैसे ही लपटें निकलती देखीं तो आग को बुझाने का प्रयास किया लेकिन वे असफल रहे। इस दौरान मामले की सूचना अग्निशमन केंद्र को दी गई। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक आग में दो बकरियां, 25 क्विंटल तूड़ी सहित इमारती लकड़ी और अन्य कीमती सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। मामले की सूचना मिलते ही अग्निशमन के कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया गया।
आग की घटना का पता चलते ही ग्राम पंचायत प्रधान सुनीता ठाकुर भी घटना स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। वहीं, पुलिस चौकी दौलतपुर से पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर प्रत्यक्षदर्शियों के ब्यान कलमबद्ध करने की कार्रवाई शुरू कर दी है। स्थानीय पंचायत पदाधिकारियों सुनीता ठाकुर और मुकेश चौधरी सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से पीड़ित लक्ष्मण दास को मुआवजा दिए जाने की मांग की है। अग्निकांड में पीड़ित का करीब डेढ़ लाख के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। आग लगने के कारणों का खुलासा अभी तक नहीं हो पाया है। उधर, दौलतपुर चौकी प्रभारी राजेंद्र पठानिया ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।