ऊना। आईएसबीटी ऊना में शनिवार सुबह करीब सवा आठ बजे यात्रियों को आवाज लगाने के दौरान एचआरटीसी और सीटीयू के चालक-परिचालकों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। दोनों पक्षों के बीच हुई बहस से बस अड्डे पर कुछ देर के लिए तनावपूर्ण माहौल बन गया। अचानक हुए हंगामे से मौके पर मौजूद यात्री भी घबरा गए और स्थिति को लेकर असहज नजर आए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि एचआरटीसी ऊना डिपो की हरोली से वाया एम्स होकर शिमला जाने वाली बस अपने निर्धारित काउंटर नंबर पांच पर खड़ी थी। इस दौरान बस का परिचालक यात्रियों को बुलाने के लिए आनंदपुर साहिब सहित विभिन्न गंतव्यों के नाम लेकर आवाज लगा रहा था।
इसी दौरान आईएसबीटी ऊना में खड़ी चंडीगढ़ जाने वाले सीटीयू की एक बस के चालक और परिचालक वहां पहुंचे और एचआरटीसी परिचालक को आनंदपुर साहिब के यात्रियों के लिए आवाज लगाने से रोकने लगे। इस बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई। इस दौरान दोनों पक्षों में गाली गलौज हुआ। कुछ देर तक दोनों पक्ष एक-दूसरे से उलझे रहे, जिससे बस अड्डे पर अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई। यात्रियों ने बताया कि अचानक हुए विवाद से उन्हें लगा कि मामला कहीं और न बढ़ जाए, जिससे कई लोग सहम गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाद में आसपास मौजूद अन्य कर्मचारियों और लोगों ने बीच-बचाव कर दोनों पक्षों को शांत कराया, जिसके बाद मामला शांत हुआ और बसों का संचालन सामान्य हो सका।
यह मामला मेरे ध्यान में आया है। दोनों पक्षों के बातचीत के बाद यह मामला सुलझ गया है।
-राजेश जोशी, कार्यकारी उपमंडलीय प्रबंधक ऊना