बड़ूही (ऊना)। उपमंडल अंब की ग्राम पंचायत चुरुड़ू को जल्द ही जल शक्ति विभाग के आधुनिक विश्राम गृह की सौगात मिलने जा रही है। करीब पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस विश्राम गृह के निर्माण की दिशा में प्रक्रिया तेज हो गई है। विधायक सुदर्शन सिंह बबलू के निर्देश पर जिला परिषद सदस्य सरवन सिंह बंटू की अगुवाई में स्थानीय प्रतिनिधियों ने शनिवार को प्रस्तावित भूमि का निरीक्षण किया। इस दौरान जनप्रतिनिधियों ने निर्माण स्थल का जायजा लिया और परियोजना से जुड़ी औपचारिकताओं पर चर्चा की। जिला परिषद सदस्य ने बताया कि जल्द ही भूमि को जल शक्ति विभाग के नाम हस्तांतरित करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। सभी आवश्यक औपचारिकताएं पूरी होने के बाद विभाग निर्माण कार्य की अगली कार्रवाई शुरू करेगा। उन्होंने बताया कि पांच करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह विश्राम गृह चुरुड़ू सहित आसपास के क्षेत्रों के लिए महत्वपूर्ण सुविधा साबित होगा।