बंगाणा(ऊना)। उपमंडल बंगाणा क्षेत्र की ग्राम पंचायत तनोह के प्रधान पद के प्रत्याशी रहे तरसेम लाल ने पंचायत चुनाव में कथित धांधली के आरोप लगाए हैं। इस संबंध में उन्होंने उपमंडलाधिकारी सोनू गोयल को मांग पत्र सौंपते हुए एक बार फिर न्याय की गुहार लगाई है।
तरसेम लाल का कहना है कि प्रधान पद के चुनाव के दौरान अनियमितताएं हुई थीं, जिसकी शिकायत वह पहले भी संबंधित अधिकारियों को दे चुके हैं। उनका आरोप है कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता नहीं बरती गई जिससे चुनाव परिणाम प्रभावित हुआ।
उन्होंने प्रशासन से मामले की गहन जांच करवाकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा उन्हें न्याय दिलाने की मांग की है। वहीं, इस मामले को लेकर पंचायत क्षेत्र में भी चर्चा का माहौल बना हुआ है। अब सभी की निगाहें प्रशासन की आगामी कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।