अंब (ऊना)। मुबारिकपुर नशा तस्करी मामले में गिरफ्तार चारों आरोपियों की चार दिन की पुलिस रिमांड समाप्त होने पर पुलिस ने उन्हें बुधवार को अंब अदालत में पेश किया। अदालत ने मामले की गंभीरता को देखते हुए चारों आरोपियों को 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
इससे पहले पुलिस ने बैकवर्ड लिंक के आधार पर पंजाब के तलवाड़ा में छापा मारकर मोहित और रजनीश को 17.14 ग्राम चिट्टे के साथ गिरफ्तार किया था। इस मामले में सबसे पहले मुबारिकपुर शिव मंदिर के पास नाकाबंदी के दौरान बाइक सवार मुनीश कुमार और करण को 60.45 ग्राम हेरोइन के साथ दबोचा गया था। रविवार को पुलिस ने इन चारों आरोपियों को अदालत में पेश कर 15 जुलाई तक चार दिनों की पुलिस रिमांड पर भेजा था। डीएसपी अंब अनिल पटियाल ने बताया कि रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपियों को बुधवार को दोबारा अदालत में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेजा गया है।