एचआरटीसी की बसों में अन्य राज्यों की बसों की अपेक्षा ऊना से चंडीगढ़ जाने वाले यात्रियों से 13 रुपये अतिरिक्त किराया वसूल किया जा रहा है। बस किराया अधिक वसूलने से लोगों में रोष है। एचआरटीसी बसों में ऊना से चंडीगढ़ तक 138 रुपये प्रति सवारी के हिसाब से किराया लिया जा रहा है।
वहीं, पंजाब रोडवेज सहित अन्य राज्यों की बसों में प्रति सवारी 125 रुपये वसूले जा रहे हैं। बस किराये में बढ़ोतरी होने से यात्री भी एचआरटीसी की बसों में सफर करने से परहेज कर रहे हैं, जबकि मजबूरी में फंसे यात्रियों को इसी किराये पर सफर करना पड़ रहा है। रोजाना एचआरटीसी बसों में बस किराये को लेकर यात्रियों और परिचालकों में तू-तू मैं-मैं भी हो रही है। परिचालकों की मानें तो वह मशीन में निर्धारित की गई दरों के हिसाब से किराया वसूल कर रहे हैं।
यात्रियों हरोली के विरेंद्र हीर, राज कुमार, सोहन, मोहित, ज्योति, रवि, साहिल, देव, राजीव, महेंद्र पाल सहित अन्य लोगों ने बताया कि एचआरटीसी ऊना से चंडीगढ़ का अधिक किराया वसूल रही है, जिससे उनको आने जाने में भी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। आरएम ऊना विवेक लखनपाल ने कहा कि यात्रियों से सरकारी नियमों के आधार पर किराया वसूला जा रहा है। उन्होंने कहा कि शीघ्र इस संबंध में उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।