विभाग ने दिए हैं व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिले में सरकारी और निजी स्कूलों में डेढ़ माह की ग्रीष्मकालीन छुट्टियां खत्म हो गईं। विद्यार्थी कई दिनों के बाद स्कूल पहुंचेंगे। इसके लिए स्कूल प्रबंधकों ने सोमवार को साफ सफाई और अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करवाया। जिले के कुछेक स्कूलों को छोड़कर बाकी सभी स्कूलों की छुट्टियां 30 जुलाई यानी सोमवार को समाप्त गईं। बीते करीब डेढ़ माह से सुनसान पड़े स्कूलों में दोबारा रौनक लौटेगी। इसके साथ ही स्कूल बंद रहने से परिसर, खेल मैदानों में काफी घास आदि उग चुके हैं। इससे स्कूलों की सुंदरता भी खराब हो रही है। अधिकतर स्कूलों में रविवार और सोमवार को सफाई अभियान चला। इस दौरान स्कूलों की पेयजल टंकियां साफ करवाई गईं। इसके साथ ही स्कूल परिसर में उगा घास और अन्य गंदगी को हटाया गया। शिक्षा विभाग ने करीब एक सप्ताह पहले सभी स्कूलों को सफाई सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त रखने के लिए कहा था।
स्कूल प्रबंधकों से सोमवार को कई जगह सफाई करवाई है। स्कूल खुलने के बाद निरीक्षण भी किया जाएगा। इसमें सभी व्यवस्थाओं को आंका जाएगा। अगर कहीं लापरवाही मिलती है तो नियमों के तहत कार्रवाई की जाएगी। -राजेंद्र कौशल, उपनिदेशक, जिला उच्च शिक्षा विभाग।