शक्तिपीठ चिंतपूर्णी में अब किसी सफाई कर्मी ने श्रद्धालुओं से पैसे मांगे तो उनकी खैर नहीं। पुलिस पैसे मांगने वाले ऐसे सफाई कर्मियों पर सख्त कार्रवाई करेगी। साथ ही मंदिर प्रशासन भी ड्यूटी में कोताही बरतने वाले ऐसे सफाई कर्मियों के खिलाफ एक्शन लेगा।
यह जानकारी मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने दी है। पिछले काफी समय से चिंतपूर्णी क्षेत्र में सफाई कर्मियों की ओर से मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं से पैसे मांगने की शिकायतें पहुंच रही थीं। इसके चलते स्थानीय पुलिस ने कड़ा संज्ञान लिया है। एसएचओ भूप सिंह राणा ने इसके बारे में सफाई ठेकेदार को कड़े निर्देश दिए हैं कि जिस भी सफाई कर्मी की क्षेत्र में सफाई करने की ड्यूटी लगाई हुई है, वह वर्दी और आई कार्ड डालकर ही ड्यूटी दें। यदि कोई बिना वर्दी और आई कार्ड के बगैर दिखा और किसी श्रद्धालु से पैसे मांगे तो उस सफाई कर्मी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।
एसएचओ भूप सिंह राणा का कहना था कि सफाई ठेकेदार को सफाई कर्मियों को वर्दी और आई कार्ड डालकर ही ड्यूटी देने के निर्देश दिए गए हैं। उधर, मंदिर अधिकारी सुभाष चौहान ने बताया कि कोई भी सफाई कर्मी ड्यूटी में कोताही बरतता है तो शिकायत आने पर उचित कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। सफाई ठेकेदार राजीव रंजन ने बताया कि सफाई कर्मियों के आई कार्ड बन गए हैं, जल्दी इनकी ड्रेस भी तैयार हो जाएगी। इसके बाद ये शीघ्र वर्दी और आई कार्ड डालकर ही ड्यूटी देंगे।