पुलिस ने आरोपी को बद्दी से किया गिरफ्तार
संवाद न्यूज एजेंसी
अंब (ऊना)। शादी का झूठा वादा कर युवती से यौन शोषण के आरोपी को अंब अदालत ने चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी को शिकायत दर्ज होने के लगभग दो सप्ताह बाद सोमवार को बद्दी से गिरफ्तार किया था, जिसे मंगलवार को अदालत में पेश किया गया। उपमंडल अंब के तहत पड़ने वाले एक गांव की 25 वर्षीय युवती ने अंब थाना में युवक के खिलाफ धोखाधड़ी और यौन शोषण के आरोप में प्राथमिकी दर्ज करवाई थी। युवती ने अपनी शिकायत में बताया कि उसकी और आरोपी युवक की जान-पहचान वर्ष 2019 में एक शैक्षणिक संस्थान में हुई थी। इसके बाद दोनों में मित्रता हो गई।
आरोप है कि मित्रता के दौरान युवक ने उससे विवाह करने का वादा किया और इसी झांसे में उसने कई बार यौन शोषण किया। युवती लगातार युवक के विवाह के वादे पर भरोसा करती रही, लेकिन गत दिनों युवती को पता चला कि युवक ने गुपचुप तरीके से कहीं और विवाह कर लिया। युवक के इस धोखे से आहत होकर युवती ने पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई थी।
शिकायत दर्ज होने के बाद से ही आरोपी युवक घर से लापता चल रहा था और पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। पुलिस ने सोमवार को उसे बद्दी से गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की। पुलिस अधीक्षक ऊना अमित यादव ने पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने अदालत से आरोपी का 19 दिसंबर तक चार दिन का रिमांड हासिल किया है। उन्होंने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।