गगरेट (ऊना)। गगरेट बाजार निवासी एक दुकानदार से मारपीट के बाद समझौते के नाम पर ढाई लाख रुपये की जबरन वसूली करने और झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां देने के आरोप में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
पुलिस को दी शिकायत में वार्ड-5 गगरेट बाजार निवासी दिनेश मित्तल ने बताया कि 27 अक्तूबर 2025 की शाम वह अपनी दुकान के बाहर सामान उतारने पहुंचा था। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपनी स्कूटी उसकी गाड़ी के आगे खड़ी कर दी। हटाने का आग्रह करने पर उक्त व्यक्ति ने उसके साथ बहसबाजी शुरू कर दी। आरोप है कि कुछ ही देर में एक महिला, एक लड़की और एक लड़का भी मौके पर पहुंच गए और उसके साथ दुकान के भीतर और बाहर मारपीट करने लगे। शिकायतकर्ता के अनुसार बाद में गुरचरण सिंह भी मौके पर पहुंच गया और उसने भी मारपीट की, जिससे उसे चोटें आईं। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसे मेडिकल के लिए अस्पताल ले जाया गया।
दिनेश मित्तल ने आरोप लगाया कि अगले दिन जब वह थाना जा रहा था तो रास्ते में दीपक बग्गा उर्फ मंगू मिला। उसने बताया कि गुरचरण सिंह ने उसके खिलाफ शिकायत दी है और यदि मामला रफा-दफा करवाना है तो पैसे देने होंगे। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों ने उसे और उसके परिवार को झूठे मामलों में फंसाने की धमकियां दीं। दिनेश मित्तल का आरोप है कि आरोपियों ने डराकर उससे करीब ढाई लाख रुपये वसूल किए। इसमें 49 हजार रुपये उसके भांजे के माध्यम से खाते में जमा करवाए गए जबकि शेष राशि अन्य माध्यमों से ली गई। साथ ही समझौते के नाम पर कुछ कोरे कागजों पर हस्ताक्षर भी करवाए गए।
पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि शिकायत के आधार पर गुरचरण सिंह और दीपक बग्गा उर्फ मंगू के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।