ऊना। पुलिस थाना मैहतपुर क्षेत्र में 4.52 क्विंटल भुक्की के साथ पकड़े दो आरोपियों को अदालत ने पांच दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। आरोपियों को अब मंगलवार को अदालत में दोबारा पेश किया जाएगा। रिमांड के दौरान पुलिस आरोपियों के जुड़े पूरे रैकेट को खंगालने में जुट गई है।
पुलिस की पकड़ में आए दोनों आरोपी पंजाब के होशियारपुर जिले के रहने वाले हैं। ध्यान रहे कि वीरवार मध्यरात्रि थाना मैहतपुर प्रभारी अशोक कुमार अपनी टीम के साथ फतेहपुर मंदिर के समीप ऊना-संतोषगढ़ मार्ग पर नाकाबंदी कर रहे थे। रात करीब 12:10 बजे पुलिस ने पंजाब नंबर की गाड़ी को जांच के लिए रोका। तलाशी के दौरान वाहन में रखी आठ बोरियों से एक क्विंटल 62 किलो 640 ग्राम भुक्की बरामद हुई।
पूछताछ में मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम ने लमलेहड़ा क्षेत्र में खड़ी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की तलाशी ली। वहां से साढ़े 14 बोरियों में भरी दो क्विंटल 90 किलो 20 ग्राम भुक्की बरामद हुई। एसपी सचिन हिरेमठ ने बताया कि मामले की जांच जारी है। पूछताछ में कई सुराग मिलने की संभावना है।