बड़ूही (ऊना)। विकास खंड बंगाणा की ग्राम पंचायत बडूही में शनिवार को ग्राम सभा का आयोजन हुआ। पंचायत प्रधान श्रवण कुमार की अध्यक्षता में हुई बैठक में उपप्रधान अश्वनी कुमार, वार्ड सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीणों की मौजूदगी में कई प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित किए गए। इनमें बाहरी लोगों के पंचायत क्षेत्र में प्रवेश, घुमंतू गुर्जरों के ठहराव और सामाजिक आयोजनों में ट्रांसजेंडर को दी जाने वाली बधाई राशि को लेकर नए नियम तय किए गए।
ग्राम सभा ने निर्णय लिया कि अब पंचायत क्षेत्र में कोई भी फेरी लगाने वाला बिना पंचायत की पूर्व अनुमति के प्रवेश नहीं कर सकेगा। पंचायत की पूर्व अनुमति के बिना किसी भी भिखारी को गांव में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। पंचायत क्षेत्र में डेरा डाले हुए घुमंतू गुर्जर समुदाय को को 15 दिनों के भीतर पंचायत क्षेत्र खाली करने के निर्देश दिए जाएंगे।
सामाजिक आयोजनों में ट्रांसजेंडर को दी जाने वाली बधाई राशि अधिकतम 2100 रुपये तय की गई है।
ग्राम पंचायत प्रधान श्रवण कुमार ने कहा कि ग्राम सभा के सभी निर्णय पंचायत और ग्रामीणों के व्यापक हित को ध्यान में रखकर लिए गए हैं।