बंगाणा (ऊना)। मुंबई में आयोजित 35वीं जूनियर नेशनल थ्रोबाल चैंपियनशिप में आर्य पब्लिक स्कूल बंगाणा के छात्र अभिनव भाटिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम किया। अभिनव इससे पहले भी पांच बार नेशनल थ्रोबाल चैंपियनशिप में सहभागिता कर चुके हैं। अभिनव भाटिया को चैंपियनशिप के दौरान चंडीगढ़ थ्रोबाल एसोसिएशन के महासचिव अनिल शर्मा तथा तेलंगाना से थ्रोबाल फेडरेशन ऑफ इंडिया की उपाध्यक्ष चित्रा ने सम्मानित किया। यह सम्मान अभिनव के लिए गौरव का क्षण रहा और पूरे हिमाचल प्रदेश व क्षेत्र के लिए उपलब्धि का विषय बना।
साधारण परिवार से ताल्लुक रखने वाले अभिनव की सफलता प्रेरणादायक है। उनकी माता गृहिणी हैं और पिता निजी कंपनी में कार्यरत हैं। गांव के साधारण परिवेश से निकलकर नेशनल स्तर पर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करना उनके कठिन परिश्रम और समर्पण का प्रमाण है। स्कूल प्रबंधन, शिक्षक वर्ग और क्षेत्रवासियों ने अभिनव भाटिया को इस उपलब्धि पर बधाई दी है। संवाद