आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
टाहलीवाल (ऊना)। थाना टाहलीवाल के तहत नंगल कलां में एसटीएफ कांगड़ा की टीम ने 10.36 ग्राम चिट्टा (हेरोइन) के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान गौरव कुमार (21) निवासी गांव नंगल कलां तहसील हरोली जिला ऊना के तौर पर हुई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार शनिवार शाम एसटीएफ कांगड़ा की टीम क्षेत्र में गश्त पर थी। टीम नंगल कलां स्थित प्राथमिक स्कूल के पास पहुंची तो सामने से आ रहे एक युवक को रोककर उससे लालूवाल की ओर जाने का रास्ता पूछा गया। इसी दौरान युवक घबरा गया और सड़क किनारे खेतों की तरफ भागने लगा। पुलिस ने कुछ दूरी पर ही उसे पकड़ लिया। पुलिस के मुताबिक भागते समय युवक ने जेब से पॉलिथीन निकालकर झाड़ियों की ओर फेंक दी। टीम ने युवक को काबू में लेने के बाद पॉलिथीन को उठाकर जांच की तो उसमें हल्के भूरे रंग का पदार्थ मिला। पूछताछ में आरोपी ने पदार्थ को चिट्टा बताया। मौके पर डिजिटल तराजू से तौलने पर पॉलिथीन समेत इसका कुल वजन 10.36 ग्राम पाया गया। पुलिस अधीक्षक सचिन हिरेमठ ने बताया कि आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि वह चिट्टा कहां से लाया और इसे किसे सप्लाई किया जाना था।