हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से भाग गया।
संवाद न्यूज एजेंसी
दौलतपुर चौक (ऊना)। थाना गगरेट के तहत आने वाले गांव डंगोह खास में शुक्रवार देर रात करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। एक पिकअप ट्राले की टक्कर से स्कूटी सवार दो युवक बुरी तरह घायल हो गए। हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल है।
दोनों युवक स्कूटी पर सवार होकर एक शादी समारोह में जा रहे थे कि डंगोह खास चौक के पास पीछे से आ रहे एक ट्राले ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद ट्राला चालक मौके से भाग गया।
स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को दौलतपुर चौक के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान सूरज चौधरी (16) पुत्र गणेश चौधरी निवासी डंगोह खास के रूप में हुई है। जबकि घायल युवक की पहचान नितिन ठाकुर पुत्र दिनेश कुमार के तौर पर हुई है।
दोनों युवक एक ही स्कूल की एक ही कक्षा में पढ़ते थे। शुक्रवार रात वे घर से एक शादी समारोह में शामिल होने निकले थे। हादसे में गंभीर रूप से घायल नितिन ठाकुर को पहले ऊना के क्षेत्रीय अस्पताल भेजा गया, लेकिन परिजनों ने उसे जिला के एक निजी अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां शनिवार सुबह उसका टांग का ऑपरेशन किया गया।
सड़क हादसे नहीं थम रहे
क्षेत्र में सड़क दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कुछ दिन पहले ही एक 55 वर्षीय बाबू राम की सड़क दुर्घटना में मौत हुई थी। अब 16 वर्षीय सूरज चौधरी ने भी हादसे में अपनी जान गंवा दी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल है। स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में सख्ती से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करवाया जाए, ताकि आए दिन हो रही इन दुर्घटनाओं पर रोक लग सके।