एसडीएम अंब ने एक हफ्ते में जांच रिपोर्ट पेश करने के दिए आदेश
चिंतपूर्णी मंदिर के गर्भ गृह के अंदर भिड़ गए थे पुजारी और सुरक्षाकर्मी
हाथापाई करने वाले सुरक्षाकर्मी को फिलहाल गर्भगृह से हटाया
संवाद न्यूज एजेंसी
भरवाईं (ऊना)। प्रसिद्ध शक्तिपीठ मां चिंतपूर्णी मंदिर में गर्भ गृह के भीतर सोमवार को ड्यूटी पर तैनात सुरक्षाकर्मी और पुजारी के बीच हाथापाई का मामला गरमा गया है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद डीसी ऊना ने मामले में कड़ा संज्ञान लिया। उन्होंने मामले की जांच करने के आदेश एसडीएम अंब को दिए हैं। इसके बाद मामले की जांच को लेकर एक कमेटी बनाई गई है, जिसमें मंदिर अधिकारी अजय मंडयाल, एसीएफ राजेंद्र कुमार और सुरक्षा अधिकारी कर्नल मुनीश कुमार की अध्यक्षता में सारे मामले की जांच की जाएगी। दोनों पक्षों के बयान कमलबद्ध किए जाएंगे। जांच कमेटी की ओर से एक हफ्ते में एसडीएम अंब को जांच रिपोर्ट सौंपी जाएगी।
फिलहाल मंदिर के भीतर पुजारी के साथ हाथापाई करने वाले सुरक्षाकर्मी को अस्थाई तौर पर गर्भ गृह से हटा दिया है। पुजारी की तरफ से सुरक्षा कर्मी की ओर से किए गए दुर्व्यवहार को लेकर एक शिकायत पत्र भी मंदिर प्रशासन को सौंपा गया। मंदिर सह आयुक्त और एसडीएम अंब सचिन शर्मा ने बताया कि घटना को लेकर जांच कमेटी बनाई गई है। रिपोर्ट के बाद अगला निर्णय लिया जाएगा।
मां चिंतपूर्णी मंदिर में सोमवार दोपहर के समय गर्भगृह में एक पुजारी और वहां तैनात सुरक्षाकर्मी के बीच धक्कामुक्की की घटना सामने आई। पूरा मामला मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों में दर्ज हो गया और शाम को सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। वीडियो में साफ तौर पर देखा गया कि दोनों पक्षों के बीच कहासुनी के बाद मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
सोमवार दोपहर बाद लगभग एक बजे जब मंदिर में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे थे। पुजारी गर्भ गृह के अंदर था और दूसरी तरफ खड़े सुरक्षा कर्मी के बीच किसी बात को लेकर बहस हुई। बहस के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को धक्के दिए और वातावरण तनावपूर्ण हो गया। लाखों श्रद्धालुओं के आस्था स्थल पर ऐसी अप्रिय घटना होने से भक्तों में खासा रोष है।