संवाद न्यूज एजेंसी
ऊना। जिला मुख्यालय के साथ लगते पुराना बस अड्डा चौक पर वीरवार सुबह उस समय हंगामा मच गया, जब एक व्यक्ति खुद पर पेट्रोल छिड़कने लगा। इससे पहले कि आसपास मौजूद लोग कुछ समझ पाते, उस व्यक्ति ने तेल छिड़कने के बाद माचिस निकाल ली। गनीमत रही कि इस दौरान यातायात व्यवस्था को बनाए रखने के लिए वहां तैनात एक पुलिसकर्मी मौजूद था और उसने व्यक्ति को आत्मदाह करने से रोक लिया।
बताया जा रहा है कि लघु सचिवालय के सामने शहीद भगत सिंह चौक में हुई इस घटना के बाद काफी देर भीड़ जमा रही। चौक पर यातायात प्रबंधन देख रहे पुलिस कर्मचारी और स्थानीय दुकानदारों ने व्यक्ति के हाथ से माचिस छीनकर फेंकी। जानकारी के मुताबिक राजीव कौशल निवासी टाहलीवाल ने पुलिस पर एक मामले में उसके साथ नाइंसाफी करने का आरोप लगाया। वह वीरवार सुबह के समय अपने दोपहिया वाहन पर सवार होकर आया और पुराना बस अड्डा चौक, जिसे शहीद भगत सिंह चौक भी कहा जाता है, वहां पहुंचा। इस दौरान उसने सड़क के बीच ही अपनी स्कूटी खड़ी कर दी। उसने पेट्रोल से भरी एक बोतल स्कूटी की डिग्गी से निकाली और खुद पर छिड़कने लगा। इसके साथ ही उसने जेब से माचिस भी निकाल ली और उसे जलाने की कोशिश करने लगा। उसकी इस हरकत को चौक में तैनात यातायात पुलिसकर्मी ने देख लिया। इसी दौरान स्थानीय दुकानदार भी उसकी ओर भागे तथा व्यक्ति के हाथ से माचिस छीन ली। यह पूरी घटना आसपास की दुकानों में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई।
इसके बाद राजीव कौशल ने आरोप लगाया कि मारपीट के एक मामले में पुलिस ने उसके साथ भेदभाव किया है। उसने कहा कि दूसरे पक्ष के दबाव में आकर पुलिस काम कर रही है। इसी से परेशान होकर उसने आत्मदाह करने की कोशिश की।
कोट्स
पुलिस अधीक्षक राकेश सिंह का कहना है कि आत्मदाह का प्रयास करने वाले व्यक्ति से पुलिस ने पूछताछ की है। जिस मामले को लेकर उसने भेदभाव किए जाने के आरोप लगाए हैं, उसमें कितनी सत्यता है, यह जांच का विषय है।