ऊना। क्षेत्र के बढेड़ा में हुए लूट मामले में हरोली पुलिस ने दो संदिग्ध लोगों को दबोचा, लेकिन पूछताछ के बाद दोनों को छोड़ दिया गया। बढेड़ा में हुए लूठ मामले में अभी तक पुलिस के हाथ कोई पुख्ता सुराग नहीं लग पाया है। बताया जा रहा है कि लूट को अंजाम देने वाले आरोपी प्रवासी थे।
पकड़े गए दोनों लोगों में से एक पंजाब के आनंदपुर साहिब का ठेकेदार बताया जा रहा है, जबकि दूसरा उसी के पास काम करने वाला प्रवासी मजदूर बताया जा रहा है। दोनों को पुलिस के पास कोई पंजीकरण न होने के चलते संदेह के आधार पर दबोचा गया था। एसएचओ हरोली हरजीत सिंह ने बताया कि पुलिस मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है। आरोपियों की धर पकड़ के लिए सर्च अभियान छेड़ दिया गया है। बुधवार रात्रि बढेड़ा में विद्युत बोर्ड में अधीक्षक पद पर तैनात महिला के घर में घुस कर अज्ञात लोगों ने लाखों के सोने के जेवर और नकदी पर हाथ साफ कर डाला था। इसी दौरान आरोपियों ने महिला के हाथ पांव बांध कर उसकी बेरहमी से पिटाई भी कर दी थी।