संतोषगढ़ (ऊना)। घरेलू गैस उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर के लिए 50 से 60 दिन तक का इंतजार करना पड़ रहा है। वहीं, घरेलू गैस सिलेंडर को वाहन चालक 800 रुपये में भी खरीद रहे हैं। ऐसे में घरेलू गैस का दुरुपयोग हो रहा है।
जिले में एलपीजी फिलिंग स्टेशन स्थापित न होने के कारण वाहन चालक घरेलू सिलेेंडरों को लगाकर मजे से घूम रहे हैं। सूत्रों की मानें तो गाड़ियों में सिलेंडर लगाने को वाहन चालक 700 से 800 रुपये तक कीमत अदा कर रहे हैं। वाहनों के लिए एलपीजी फिलिंग स्टेशन पंजाब के होशियारपुर या फिर चंडीगढ़ में होने की वजह से वाहन चालक स्थानीय स्तर पर घरेलू गैस सिलेंडरों का प्रयोग वाहनों के लिए करने में लगे हुए हैं। क्षेत्र के लोगों हितेश कुमार, नरेश, रजत कुमार, मुकेश, राहुल, अविनाश, विवेक कुमार, सुभाष चंद, गृहणियों कुसुम कुमारी, अनीता, अल्का, सुनीता देवी, रीना, ममता, संतोष कुमारी का कहना है कि सरकार एवं जिला प्रशासन को घरेलू गैस का दुरुपयोग करने वालों पर शिकंजा कसना चाहिए। रक्कड़ कालोनी स्थित सुगम गैस एजेंसी की मालिक अंजू बाला का कहना कहना है कि बाटलिंग प्लांट से सप्लाई प्रभावित होने एवं बुकिंग में इजाफा होने के कारण उपभोक्ताओं को देरी से सिलेंडर मिल पा रहे हैं।
डीएफसी संतोष व्यास का कहना है कि घरेलू गैस के दुरुपयोग पर विभाग की ओर से कड़ी नजर रखी जा रही है।