गगरेट (ऊना)। चोर आगे-आगे, दुकानदार पीछे-पीछे । देर रात भरवाईं रोड पर बिल्कुल फिल्मी अंदाज में चोर का पीछा हो रहा था। चोर दुकानदार के हाथ नहीं लगा और वह अपना स्कूटर रास्ते में ही छोड़कर पंजाब में घुस गया। उसके बाद उसका कुछ भी पता नहीं लगा। पुलिस के हाथ चोर का स्कूटर जरूर लगा है।
जानकारी के अनुसार चोरों ने रात को भरवाईं रोड के समीप राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर स्थित मैसर्स गणपति कन्फैक्शरी को निशाना बनाया। शातिरों ने दुकान से नगदी समेत करीब 60 हजार रुपये का सामान उड़ाया। इसके बाद दुकान के बाद खड़े स्कूटर को स्टार्ट किया गया। इसी बीच दुकानदार जसदीप को चोरी की भनक लगी। उसने दुकान से उड़ाए सामान की पोटली के साथ चोर को दुकान के बाहर देखा। चोर को रुकने के लिए कहा तो वह स्कूटर स्टार्ट करके भाग खड़ा हुआ। जसदीप ने भी बाइक पर चोर का पीछा किया। आगे चलकर शातिर के स्कूटर में तकनीकी खराबी आ गई। आरोपी स्कूटर को रामगढ़ पंजाब के पास छोड़ गया और चोरीशुदा सामान की पोटली लेकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए गायब हो गया। पंजाब रामगढ़ पुलिस ने भी शातिर को दबोचने की कोशिश की, लेकिन कामयाबी नहीं मिली। रामगढ़ पुलिस ने स्कूटर को कब्जे में ले लिया है। जसदीप ने पुलिस को बताया कि आरोपी ने उसकी दुकान से करीब 60 हजार का माल उड़ाया है। स्कूटर से बरामद दस्तावेजों के मुताबिक आरोपी की पहचान इंद्रजीत सिंह निवासी पठानकोट के तौर पर हुई है। शातिर अकेला था या उसके साथ कोई, इस बिंदु पर भी पुलिस छानबीन कर रही है। जसदीप ने बताया कि दुकान का पिछला दरवाजा तोड़ वारदात को अंजाम दिया गया।
थाना प्रभारी जितेंद्र चौधरी ने कहा कि मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी गई है। चोर की तलाश और चोरीशुदा सामान की बरामदगी को लेकर प्रयास तेज कर दिए गए हैं।